नई दिल्ली: देश की राजनीति में युवाओं, खासकर Gen Z को लेकर सियासी सक्रियता बढ़ती नजर आ रही है। भारतीय जनता पार्टी ने युवा पीढ़ी तक अपनी पहुंच मजबूत करने के लिए एक खास टीम तैयार की है। यह पहल ऐसे समय हुई है, जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने मंत्रियों से विश्वविद्यालयों और सरकारी स्कूलों में युवाओं के साथ सीधे संवाद बढ़ाने पर जोर दिया है।
समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, बीजेपी की इस टीम में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, राष्ट्रीय महासचिव स्मृति ईरानी और विनोद तावड़े के अलावा गुजरात के मंत्री हर्ष संघवी और छत्तीसगढ़ के मंत्री ओपी चौधरी को भी शामिल किया गया है। कई अन्य नेताओं को भी इस अभियान से जोड़े जाने की जानकारी सामने आई है।
रोजगार, शिक्षा और परीक्षा पर युवाओं से संवाद
बीजेपी के प्रस्तावित Gen Z संपर्क अभियान में युवाओं की सोच, उनकी प्राथमिकताओं और उनसे जुड़े सवालों पर फोकस रहने की संभावना है। रोजगार, शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं और भविष्य को लेकर युवाओं की चिंताओं को समझने के लिए पार्टी सीधे संवाद का रास्ता अपनाना चाहती है।
इस अभियान के तहत विश्वविद्यालयों और सरकारी स्कूलों तक पहुंच बनाने की तैयारी है। पार्टी नेताओं और युवाओं के बीच चर्चा, संवाद और सवाल-जवाब जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाने की संभावना है।
कांग्रेस के युवा कार्यक्रमों के बीच BJP की तैयारी
बीजेपी की यह रणनीति ऐसे समय सामने आई है, जब कांग्रेस भी युवाओं और छात्रों के बीच अपनी सक्रियता बढ़ा रही है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी की ओर से ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रमों के जरिए युवाओं से संवाद किया जा रहा है। कोटा, देहरादून और प्रयागराज के बाद पुणे में भी ऐसा कार्यक्रम आयोजित किया गया।
पुणे के कार्यक्रम में पेपर लीक, परीक्षा में कथित गड़बड़ी, बढ़ती शिक्षा फीस और युवाओं से जुड़े दूसरे मुद्दों को उठाए जाने की तैयारी थी। आयोजकों ने बड़ी संख्या में युवाओं के पहुंचने की उम्मीद जताई थी।
राहुल गांधी के पुणे कार्यक्रम पर BJP का हमला
राहुल गांधी के कार्यक्रम को लेकर बीजेपी ने कांग्रेस पर भी निशाना साधा। बीजेपी प्रवक्ता नवनाथ बन ने इसे ‘पैसे की गूंज’ बताते हुए आरोप लगाया कि कार्यक्रम में भीड़ जुटाने के लिए सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स को पैसे देने की पेशकश की गई।
उन्होंने दावा किया कि कुछ प्रभावशाली लोगों को कार्यक्रम के प्रचार के लिए 35 हजार रुपये तक देने की पेशकश की गई थी। बीजेपी प्रवक्ता ने कांग्रेस पर कार्यक्रम के लिए करीब 10 करोड़ रुपये खर्च करने का आरोप भी लगाया। हालांकि, कांग्रेस ने इन आरोपों को खारिज कर दिया है।

नई राष्ट्रीय टीम ने संभाला काम
इसी बीच बीजेपी की नई राष्ट्रीय टीम ने भी शनिवार से औपचारिक रूप से काम शुरू कर दिया। पार्टी अध्यक्ष नितिन नवीन ने नई टीम की पहली परिचय बैठक की अध्यक्षता की।
नई टीम में विनोद तावड़े और सुनील बंसल राष्ट्रीय महासचिव की जिम्मेदारी संभालते रहेंगे। वहीं बिप्लब कुमार देब, स्मृति ईरानी, सतीश पूनिया, गजेंद्र पटेल, हरीश द्विवेदी और संजय भाटिया को भी राष्ट्रीय महासचिव की जिम्मेदारी दी गई है।
केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल को पार्टी संगठन में अतिरिक्त जिम्मेदारी देते हुए राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष बनाया गया है। राजस्थान के राजेश मंगल को राष्ट्रीय संयुक्त कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
Gen Z अब राजनीति के केंद्र में
बीजेपी के नए युवा संपर्क अभियान की आधिकारिक शुरुआत, कार्यक्रम का स्वरूप और इसकी तारीखों का ऐलान अभी बाकी है। हालांकि, पार्टी की तैयारी से साफ है कि Gen Z को लेकर संगठन ने गंभीरता से रणनीति बनानी शुरू कर दी है।
आने वाले समय में रोजगार, शिक्षा, परीक्षा और युवाओं के भविष्य जैसे मुद्दों पर बीजेपी और कांग्रेस के बीच राजनीतिक संवाद और प्रतिस्पर्धा और तेज हो सकती है।



