प्रयागराज में MLC चुनाव पर बवाल! सपा ने पुलिस और जिला विद्यालय निरीक्षक के खिलाफ खोला मोर्चा

Arvind
By
Arvind
4 Min Read

प्रयागराज। उत्तर प्रदेश में स्नातक निर्वाचन को लेकर समाजवादी पार्टी ने पुलिस और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। सपा ने आरोप लगाया है कि प्रयागराज में पुलिस घर-घर जाकर मतदाताओं को डराने और धमकाने के साथ उन्हें मतदान करने से रोकने का प्रयास कर रही है। इन शिकायतों को लेकर सपा के एमएलसी प्रत्याशी डॉ. मानसिंह यादव के नेतृत्व में पार्टी नेताओं और जनप्रतिनिधियों ने जिलाधिकारी एवं पुलिस आयुक्त से मुलाकात कर नाराजगी जताई और ज्ञापन सौंपा।

सपा नेताओं ने चुनाव को निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने की मांग की। उनका कहना है कि मतदाताओं से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस कुछ मतदाताओं को चिह्नित कर उनके घरों पर दबिश दे रही है और उन पर मतदान नहीं करने का दबाव बनाया जा रहा है।

मतदाता सूची में गड़बड़ियों का भी उठाया मुद्दा

समाजवादी पार्टी ने स्नातक निर्वाचन की मतदाता सूची में नामों को लेकर कई खामियां होने का आरोप लगाया है। पार्टी के मुताबिक, टाइपिंग और प्रिंटिंग में हुई गलतियों के कारण कई मतदाताओं के नाम और उनके पिता के नाम में गड़बड़ी हुई है। कुछ नाम मतदाता सूची में दो से तीन बार तक दर्ज होने की शिकायत भी की गई है।

सपा नेताओं ने कहा कि मतदाता सूची में इन गड़बड़ियों का मुद्दा पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव भी 21 अक्टूबर को आयोजित प्रेस वार्ता में उठा चुके हैं। पार्टी ने प्रशासन से इन खामियों पर ध्यान देने और मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।

कई थानों की पुलिस पर दबाव बनाने का आरोप

सपा की ओर से आरोप लगाया गया कि बुधवार रात मऊआइमा क्षेत्र की रामफल इनारी चौकी के प्रभारी बृजेश तिवारी सहित जंघई, सरायममरेज और सरायइनायत थानों की पुलिस ने कुछ मतदाताओं के घरों पर दबिश दी। पार्टी का दावा है कि इन मतदाताओं को मतदान नहीं करने के लिए दबाव में लेने का प्रयास किया गया।

हालांकि, इन आरोपों पर संबंधित पुलिस अधिकारियों का पक्ष सामने आना बाकी है।

जिला विद्यालय निरीक्षक को हटाने की मांग

ज्ञापन में सपा नेताओं ने जिला विद्यालय निरीक्षक, प्रयागराज पर भी गंभीर आरोप लगाए। पार्टी का कहना है कि जिला विद्यालय निरीक्षक ने स्कूल प्रबंधकों और शिक्षकों की बैठक बुलाकर भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में मतदान कराने के लिए दबाव बनाया।

सपा ने इस मामले में जिला विद्यालय निरीक्षक को तत्काल प्रयागराज से हटाने की मांग की है। पार्टी नेताओं ने कहा कि चुनाव प्रक्रिया में किसी भी तरह का पक्षपात लोकतांत्रिक व्यवस्था और मतदाताओं के अधिकारों के खिलाफ है।

सपा नेताओं ने निष्पक्ष चुनाव कराने की मांग की

डीएम और पुलिस आयुक्त से मुलाकात के दौरान सपा नेताओं ने प्रशासन से शिकायतों की जांच कराने और मतदाताओं को बिना किसी भय के मतदान करने का अवसर देने की मांग की। पार्टी ने स्पष्ट किया कि निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखना प्रशासन की जिम्मेदारी है।

इस दौरान जिलाध्यक्ष अनिल यादव, महानगर अध्यक्ष सैयद इफ्तेखार हुसैन, विधायक विजमा यादव, हाकिम लाल बिंद, संदीप पटेल, गीता शास्त्री, पूर्व विधायक सत्यवीर मुन्ना, हाजी मुजतबा सिद्दीकी, पंधारी यादव, अमरनाथ मौर्य, डॉ. एसपी पटेल, पार्टी प्रवक्ता दान बहादुर मधुर सहित कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *