सपा का ‘लोकतंत्र बचाओ सप्ताह’ 8 अक्टूबर को मार्च, ‘ज्ञानेश कुमार हटाओ’ के लगेंगे नारे

Admin
By
Admin
2 Min Read

प्रयागराज। समाजवादी पार्टी की ओर से चलाए जा रहे ‘लोकतंत्र बचाओ सप्ताह’ और ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ अभियान का समापन 8 अक्टूबर को मार्च के साथ होगा। पार्टी की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, इस दौरान कार्यकर्ता ‘ज्ञानेश कुमार हटाओ’ जैसे नारे लगाएंगे और मतदाता अधिकारों एवं लोकतांत्रिक संस्थाओं की रक्षा का संदेश जनता तक पहुंचाएंगे।

अभियान के तहत विधानसभा क्षेत्रों में बूथ और सेक्टर स्तर पर बैठकें आयोजित की जा रही हैं। समाजवादी पार्टी का कहना है कि अभियान का उद्देश्य भारतीय निर्वाचन आयोग जैसी स्वतंत्र संवैधानिक संस्था की स्वतंत्रता और निष्पक्षता की रक्षा करना है।

पत्थर गिरजाघर से निकलेगा मार्च

सपा जिला एवं महानगर इकाई के पदाधिकारियों की बैठक में बताया गया कि 8 अक्टूबर को सुबह 11 बजे पार्टी के नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता सिविल लाइंस स्थित पत्थर गिरजाघर पर एकत्र होंगे। यहां से मार्च शुरू होकर हाईकोर्ट चौराहे पर स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा तक पहुंचेगा। मार्च के बाद अंबेडकर प्रतिमा के पास संविधान के अनुच्छेद 326 का पाठ किया जाएगा और इसके बाद राष्ट्रगान गाया जाएगा।

चुनाव आयोग को लेकर सपा ने उठाए सवाल

बैठक में सपा नेताओं ने निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली और उसकी स्वतंत्रता को लेकर सवाल उठाए। पार्टी नेताओं के मुताबिक, मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर 2 अक्टूबर से जन अभियान चलाया जा रहा है।

सपा नेताओं ने कहा कि मतदाता अधिकारों की रक्षा और लोकतांत्रिक संस्थाओं की मजबूती के लिए पार्टी कार्यकर्ता बूथ और सेक्टर स्तर तक अभियान को पहुंचा रहे हैं।

बैठक में गंगापार जिलाध्यक्ष अनिल यादव, महानगर अध्यक्ष सैयद इफ्तेखार हुसैन, महानगर महासचिव रविंद्र यादव एडवोकेट, यमुनापार महासचिव इंजीनियर जगदीश यादव, अमरनाथ सिंह मौर्य, राजेश सरोज, खिन्नी लाल पासी, मुलायम यादव, रंग बहादुर यादव, राम प्रताप यादव, राम अवध पाल, नाटे चौधरी, त्रिभुवन यादव, तारिक सईद अज्जू, संजू यादव, वजीर खां, सुशील यादव और सुरेश कुमार सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *