रायबरेली पहुँची जेन ज़ी कनेक्ट यात्रा, ऊंचाहार में युवाओं ने शिक्षा और रोजगार के मुद्दों पर की चर्चा

Admin
By
Admin
2 Min Read

शिक्षा, रोजगार, पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया और युवाओं के लिए समान अवसर जैसे मुद्दों को लेकर जस्टिस मोर्चा की ओर से शुरू की गई जेन ज़ी कनेक्ट यात्रा गुरुवार को अपने 36वें दिन रायबरेली जिले के ऊंचाहार पहुँची।

यह यात्रा 20 अगस्त को गोरखपुर के चौरी चौरा से शुरू हुई थी। यात्रा के दौरान युवाओं और छात्रों से संवाद कर शिक्षा, रोजगार, प्रतियोगी परीक्षाओं और भर्ती प्रक्रिया से जुड़ी उनकी समस्याओं को समझने का प्रयास किया जा रहा है।

आलापुर से ऊंचाहार तक हुआ जनसंवाद

जेन ज़ी कनेक्ट यात्रा गुरुवार को आलापुर से शुरू होकर नवाबगंज, ब्रह्मौली चौराहा और अरखा होते हुए ऊंचाहार पहुँची। रास्ते में यात्रा से जुड़े युवाओं ने विभिन्न स्थानों पर छात्रों, नौजवानों और स्थानीय नागरिकों से संवाद किया। इस दौरान युवाओं ने शिक्षा और रोजगार से जुड़े मुद्दों के साथ-साथ प्रतियोगी परीक्षाओं और भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता से संबंधित अपनी समस्याएं साझा कीं।

ऊंचाहार में हुई नुक्कड़ सभा

ऊंचाहार पहुंचने के बाद बाजार में नुक्कड़ सभा का आयोजन किया गया। सभा में युवाओं और स्थानीय लोगों ने शिक्षा व्यवस्था, रोजगार के अवसर, भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता और सरकारी संस्थानों की स्थिति से जुड़े मुद्दों पर अपनी बात रखी। आयोजकों के मुताबिक, जेन ज़ी कनेक्ट यात्रा का उद्देश्य उत्तर प्रदेश के अलग-अलग जिलों में युवाओं और छात्रों के बीच जाकर उनके सवालों और समस्याओं को सुनना तथा उन्हें सार्वजनिक विमर्श का हिस्सा बनाना है।

2 अक्टूबर को लखनऊ में होगा समापन

जस्टिस मोर्चा के अनुसार, यात्रा लगातार गांवों, कस्बों, स्कूल-कॉलेजों और शहरों में संवाद करते हुए आगे बढ़ रही है। यह यात्रा 20 अगस्त को चौरी चौरा से शुरू होकर 2 अक्टूबर को लखनऊ में गांधी जयंती के अवसर पर आयोजित जेन ज़ी जनसुनवाई के साथ संपन्न होगी। आयोजकों के मुताबिक, लखनऊ के हजरतगंज स्थित गांधी प्रतिमा पर होने वाली इस जनसुनवाई में देश के विभिन्न आंदोलनों के प्रतिनिधिमंडल भी शामिल होंगे।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *