प्रयागराज। विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों की बदहाली, भर्ती प्रक्रियाओं में कथित अनियमितताओं और घोटालों के खिलाफ छात्र संगठन आइसा प्रदेशभर में GenZ महाजुटान यात्रा शुरू करने जा रहा है। इस यात्रा की शुरुआत 9 सितंबर को प्रयागराज के पत्थर गिरजाघर धरना स्थल से होगी।
आइसा के मुताबिक, महाजुटान का उद्देश्य प्रदेशभर में इन मुद्दों को लेकर आक्रोशित युवाओं और छात्रों को एकजुट कर बड़े छात्र आंदोलन का निर्माण करना है।
कार्यक्रम में आइसा की अध्यक्ष नेहा, प्रदेश अध्यक्ष मनीष, जेएनयू के सहसचिव दानिश और के.के. रॉय पत्थर गिरजाघर पर GenZ युवाओं और छात्रों से संवाद करेंगे।
आइसा का कहना है कि प्रदेश के विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों में लगातार बदहाली के साथ-साथ विभिन्न भर्ती प्रक्रियाओं में अनियमितता और कथित घोटालों को लेकर युवाओं में नाराजगी है। इसी आक्रोश को संगठित आवाज देने के उद्देश्य से प्रदेशव्यापी GenZ महाजुटान यात्रा की शुरुआत की जा रही है।
संगठन के अनुसार, यात्रा के जरिए प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में छात्रों और युवाओं के बीच संवाद किया जाएगा और शिक्षा, रोजगार तथा भर्ती से जुड़े मुद्दों को लेकर आंदोलन को व्यापक बनाने की कोशिश की जाएगी।



