उत्तर प्रदेश में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में बने दबाव के कारण प्रदेश के दक्षिण-पूर्वी हिस्सों में चक्रवाती स्थिति बनी हुई है। इसका असर खासतौर पर पूर्वांचल के जिलों में देखने को मिल रहा है।
मौसम विभाग ने 24 अगस्त को प्रयागराज और वाराणसी समेत 26 जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश की चेतावनी जारी की है। वहीं प्रदेश के छह जिलों में भारी बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग के मुताबिक, सोमवार को यूपी के ज्यादातर हिस्सों में बादलों की आवाजाही बनी रहेगी। पश्चिमी यूपी में कुछ स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी हो सकती है, जबकि पूर्वांचल में मानसून का असर अधिक दिखाई देगा। कई इलाकों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश होने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार 29 अगस्त तक प्रदेश में मानसून का असर बना रहेगा और अलग-अलग हिस्सों में बारिश का दौर जारी रह सकता है।
प्रयागराज-वाराणसी समेत इन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
24 अगस्त को प्रयागराज, वाराणसी, मीरजापुर, सोनभद्र, चंदौली और संत रविदास नगर में कई स्थानों पर भारी बारिश की चेतावनी दी गई है।
वहीं बांदा, चित्रकूट और कौशांबी में भी कई जगहों पर बारिश होने का अनुमान है।
इसके अलावा झांसी, महोबा, हमीरपुर, ललितपुर, फतेहपुर, प्रतापगढ़, जौनपुर, गाजीपुर, बहराइच, श्रावस्ती, बलरामपुर, सिद्धार्थनगर, महाराजगंज, कुशीनगर, देवरिया, गोरखपुर और संत कबीर नगर में कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है।
लखनऊ समेत इन जिलों में बूंदाबांदी के आसार
राजधानी लखनऊ समेत कई जिलों में भी हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। लखनऊ, बाराबंकी, रायबरेली, अमेठी, सीतापुर, लखीमपुर खीरी, उन्नाव, कानपुर, जालौन, अयोध्या, गोंडा, बस्ती, सुल्तानपुर, अंबेडकर नगर, आजमगढ़, मऊ और बलिया में कुछ स्थानों पर बारिश के आसार हैं।
इसके अलावा आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, कन्नौज, हरदोई, फर्रुखाबाद, एटा, हाथरस, मथुरा, अलीगढ़, कासगंज, बदायूं, संभल, शाहजहांपुर, बरेली, पीलीभीत, रामपुर, मुरादाबाद और अमरोहा में भी एक-दो स्थानों पर बूंदाबांदी हो सकती है।
लखनऊ में बारिश के बाद जलभराव
पिछले 24 घंटों में राजधानी लखनऊ में रविवार देर शाम हुई तेज बारिश के बाद कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई। कुछ ही देर की बारिश के बाद कई सड़कें पानी में डूब गईं, जिससे लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा।
वहीं मुजफ्फरनगर और बाराबंकी में भी बारिश के कारण जनजीवन प्रभावित हुआ। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक आने वाले दिनों में प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी रह सकता है।



