पीडीए वैश्य मंडलीय सम्मेलन में पांच हजार लोगों के जुटने का दावा, 13 सितंबर को आयोजन

Admin
By
Admin
2 Min Read

प्रयागराज। समाजवादी व्यापार सभा के तत्वावधान में 13 सितंबर, रविवार को कटघर स्थित जायसवाल धर्मशाला में पीडीए वैश्य मंडलीय सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। आयोजकों का दावा है कि सम्मेलन में प्रयागराज मंडल के विभिन्न क्षेत्रों से वैश्य समाज के करीब पांच हजार लोग शामिल होंगे।

सम्मेलन की तैयारियों और कार्यक्रम की जानकारी देने के लिए शुक्रवार को समाजवादी व्यापार सभा के पदाधिकारियों ने इलेक्ट्रॉनिक मीडिया क्लब के नारद सभागार में प्रेस वार्ता की।

पदाधिकारियों ने बताया कि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के आह्वान पर प्रदेश के विभिन्न मंडलों में पीडीए वैश्य सम्मेलन आयोजित किए जा रहे हैं। प्रयागराज मंडल में होने वाला यह दसवां सम्मेलन बताया गया है।

मनीष जगन जायसवाल और प्रदीप जायसवाल होंगे मुख्य अतिथि

आयोजकों के मुताबिक, सम्मेलन में समाजवादी व्यापार सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष मनीष जगन जायसवाल और प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप जायसवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। वहीं, विशिष्ट अतिथियों में डॉ. अजय चौरसिया, प्रेमनाथ चंद्र केसरवानी और कैलाश चंद्र केसरवानी समेत अन्य नेताओं के शामिल होने की बात कही गई है।

भाजपा सरकार पर वैश्य समाज की उपेक्षा का आरोप

प्रेस वार्ता के दौरान समाजवादी व्यापार सभा के नेताओं ने भाजपा सरकार पर वैश्य समाज की उपेक्षा करने समेत कई आरोप लगाए। नेताओं का दावा है कि आगामी विधानसभा चुनाव में वैश्य समाज समाजवादी पार्टी के पक्ष में लामबंद होगा।

उन्होंने कहा कि 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में भाजपा को सत्ता से हटाने और प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने के लिए वैश्य समाज को एकजुट करने का प्रयास किया जाएगा। सम्मेलन के जरिए वैश्य समाज से जुड़े सामाजिक, राजनीतिक और व्यापारिक मुद्दों पर भी चर्चा किए जाने की बात कही गई है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *