लखनऊ: उत्तर प्रदेश की सियासत में PDA को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है। योगी आदित्यनाथ के ‘P से पाकिस्तान’ वाले बयान पर अखिलेश यादव ने पलटवार करते हुए कहा कि बीजेपी PDA से घबरा गई है, इसलिए इसकी परिभाषा बदलने की कोशिश कर रही है।
अखिलेश यादव ने कहा, “P का मतलब पाकिस्तान—बीजेपी का मतलब भाग जाओ पाकिस्तान।” उन्होंने कहा कि PDA का मतलब ‘प्रेम, दया और अपनापन’ है और प्रदेश में ऐसी सरकार बननी चाहिए जो इन मूल्यों के साथ काम करे।
‘PDA से घबराई हुई है बीजेपी’
अखिलेश यादव ने कहा कि PDA को लेकर बीजेपी की बयानबाजी इस बात का संकेत है कि पार्टी इससे परेशान है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर प्राथमिक स्कूलों की व्यवस्था में सुधार किया जाएगा।
अखिलेश ने कानून-व्यवस्था को लेकर भी बीजेपी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश में सच बोलना मुश्किल हो गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि सच बोलने वालों को डर का सामना करना पड़ता है।
महंगाई पर भी सरकार को घेरा
सपा प्रमुख ने महंगाई के मुद्दे पर केंद्र और राज्य सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि आज आम जरूरत की लगभग हर चीज महंगी हो गई है।
अखिलेश ने पेट्रोल में एथेनॉल मिलाने और चीनी की कीमतों को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने सरकार से पूछा कि जिन करीब 15 करोड़ लोगों को गरीब माना जा रहा है, उनकी प्रति व्यक्ति आय कितनी है।
उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी और उसके सहयोगी दल उत्तर प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों को लेकर तैयारी कर रहे हैं और इस बार संगठन स्तर पर ‘डबल तैयारी’ की जा रही है।
‘सपा किसी को छोड़कर नहीं जाती’
सपा प्रमुख ने गठबंधन की राजनीति पर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी किसी को छोड़कर नहीं जाती, बल्कि लोग सपा को छोड़कर चले जाते हैं।
अखिलेश ने सहयोगी दलों के साथ सीट बंटवारे को लेकर भी बीजेपी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि अगर किसी सहयोगी दल को 30 सीटें दी जाती हैं तो उससे ज्यादा सीटें बीजेपी को अपने सहयोगियों को देनी चाहिए। उन्होंने इसे चौधरी चरण सिंह और अजित सिंह के सम्मान से भी जोड़कर देखा।
‘बुलेटप्रूफ जैकेट की जरूरत नहीं’
प्रयागराज और लखनऊ में जलभराव का मुद्दा उठाते हुए अखिलेश यादव ने विकास कार्यों पर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि विकास पर बड़ी रकम खर्च होने के बावजूद शहरों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है।
बुलेटप्रूफ जैकेट को लेकर पूछे गए सवाल पर अखिलेश ने कहा कि अगर उन्हें जैकेट मिलेगी तो वह दे देंगे, लेकिन उन्हें इसकी जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि जिन्हें इसकी ज्यादा जरूरत है, उनसे जाकर पूछा जाना चाहिए।
सरकार बनी तो डेयरी पॉलिसी लाने का दावा
अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर डेयरी क्षेत्र के लिए नई नीति लाई जाएगी। उनका कहना है कि ऐसी नीति बनाई जाएगी जिससे पशुपालन और डेयरी कारोबार से जुड़े लोगों को लाभ मिल सके।
उन्होंने दावा किया कि नई नीति में पशुओं और डेयरी कारोबार से जुड़े लोगों के हितों को ध्यान में रखा जाएगा।
दिव्यांगों के लिए अलग घोषणा
दिव्यांगों पर कथित लाठीचार्ज के मुद्दे पर भी अखिलेश यादव ने सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर दिव्यांगजनों को सम्मान देने के लिए अलग से काम किया जाएगा।
अखिलेश ने कहा कि दिव्यांगों के लिए अलग घोषणापत्र तैयार किया जाएगा और जरूरतमंद दिव्यांग साथियों को इलेक्ट्रिक व्हीलचेयर उपलब्ध कराने की योजना बनाई जाएगी।
उन्होंने यह भी कहा कि समाजवादी पार्टी ने पहले 40 हजार रुपये की सहायता की घोषणा की थी, जिसे बीजेपी ने ‘हवाई घोषणा’ बताया था। अब बीजेपी की ओर से 50 हजार रुपये देने की बात कही जा रही है।
PDA को लेकर योगी आदित्यनाथ और अखिलेश यादव के बीच बढ़ती बयानबाजी ने उत्तर प्रदेश की 2027 की चुनावी राजनीति में सामाजिक समीकरणों और गठबंधन की रणनीति को एक बार फिर चर्चा के केंद्र में ला दिया है।



