उत्तराखंड के हल्द्वानी में श्री राम सेना के अमित कुमार ने रविवार (30 अगस्त 2026) को कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में राहुल गांधी पर जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करने का आरोप लगाया गया है।
अमित कुमार ने पुलिस से राहुल गांधी के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की है। हालांकि, हल्द्वानी जिला पुलिस ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल इस मामले में कोई एफआईआर दर्ज नहीं हुई है। पुलिस के मुताबिक, अमित कुमार की ओर से दी गई शिकायत की जांच की जा रही है।
क्या है पूरा विवाद?
दरअसल, यह पूरा मामला कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की एक रैली के बाद हुए कथित ‘शुद्धिकरण’ से जुड़ा है। रैली के बाद श्री राम सेना के सदस्यों ने वहां हवन कर शुद्धिकरण किया था। इस घटना को लेकर राहुल गांधी ने नाराजगी जताते हुए कार्रवाई की मांग की थी।
राहुल गांधी ने शनिवार (29 अगस्त) को कहा था कि किसी स्थान का ‘शुद्धिकरण’ करना अपराध है और यह SC/ST एक्ट का उल्लंघन है। उन्होंने मांग की थी कि जिन लोगों ने यह किया, उनके खिलाफ जल्द से जल्द एफआईआर दर्ज होनी चाहिए।
श्री राम सेना के सदस्य ने क्या कहा?
शुद्धिकरण कराने वाले श्री राम सेना धर्मार्थ सेवा न्यास के सदस्य विनोद आर्य ने राहुल गांधी के बयान पर आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि वह स्वयं दलित समाज से आते हैं और धार्मिक परंपरा के तहत उन्होंने यह कार्य किया था।
आर्य के मुताबिक, जिस स्थान पर भगवान श्री राम की पूजा और धार्मिक कार्यक्रम होते हैं, उसकी स्वच्छता सुनिश्चित करना सनातन परंपरा के अनुयायी के तौर पर उनका अधिकार और कर्तव्य है। उन्होंने दावा किया कि शुद्धिकरण के दौरान उनके साथ दलित समुदाय के अन्य लोग भी मौजूद थे।
उन्होंने कहा कि उन्होंने कोई गलत काम नहीं किया है। आर्य ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी की ओर से उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई और गिरफ्तारी की मांग किए जाने से उन पर अनुचित दबाव बनाया जा रहा है।
राहुल गांधी ने क्या कहा था?
राहुल गांधी ने शनिवार को इस मामले पर कहा था कि ‘शुद्धिकरण’ एक आपराधिक कृत्य है। उन्होंने कहा कि 10 अगस्त को शुद्धिकरण किया गया था और 13 अगस्त को मल्लिकार्जुन खरगे ने संसद में अपने अपमान की बात कही थी।
राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि इसके बावजूद अब तक इस मामले में कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि शुद्धिकरण करने वालों के खिलाफ जल्द से जल्द एफआईआर दर्ज होनी चाहिए और यह SC/ST एक्ट का उल्लंघन है।
फिलहाल शिकायत की जांच कर रही पुलिस
इस मामले में फिलहाल दोनों पक्षों की ओर से आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है। अमित कुमार की शिकायत पर पुलिस जांच कर रही है और अभी राहुल गांधी के खिलाफ कोई एफआईआर दर्ज नहीं की गई है।
शिकायत में लगाए गए आरोपों की पुलिस जांच के बाद ही आगे की कानूनी कार्रवाई को लेकर स्थिति स्पष्ट होगी। वहीं, ‘शुद्धिकरण’ को लेकर शुरू हुआ यह विवाद अब राजनीतिक बयानबाजी से आगे बढ़कर पुलिस शिकायत तक पहुंच गया है।



