एम्सटेलवीन: FIH मेंस हॉकी विश्व कप 2026 के दूसरे दौर के मुकाबले में भारतीय पुरुष हॉकी टीम को मेजबान नीदरलैंड्स के खिलाफ 1-3 से हार का सामना करना पड़ा। शनिवार को एम्सटेलवीन के वेगेनर स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में भारत ने पहले हाफ में शानदार डिफेंस दिखाया, लेकिन दूसरे हाफ में डच टीम ने लगातार दबाव बनाते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया।
पहले दो क्वार्टर में दोनों टीमों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। भारत ने नीदरलैंड्स के हमलों को अच्छी तरह रोके रखा और हाफ टाइम तक स्कोर 0-0 रहा।
दूसरे हाफ में नीदरलैंड्स ने बदला मैच का रुख
तीसरे क्वार्टर में नीदरलैंड्स ने आक्रामक खेल दिखाना शुरू किया। 41वें मिनट में ड्युको टेलगेनकैंप ने मैदानी गोल कर मेजबान टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई। इसके बाद 51वें मिनट में चेप होडेमेकर्स ने दूसरा गोल करते हुए नीदरलैंड्स की बढ़त 2-0 कर दी।
दो गोल से पिछड़ने के बाद भारतीय टीम ने वापसी की कोशिश की। 52वें मिनट में मिले पेनल्टी कॉर्नर को कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने शानदार ड्रैग-फ्लिक के जरिए गोल में बदल दिया। भारत ने स्कोर 1-2 कर मुकाबले में वापसी की उम्मीद जगाई।
गोल के तुरंत बाद हरमनप्रीत को छोड़ना पड़ा मैदान
भारत के लिए दुर्भाग्यपूर्ण बात यह रही कि गोल करने के तुरंत बाद हरमनप्रीत सिंह को पीठ की चोट के कारण मैदान से बाहर जाना पड़ा। कप्तान के बाहर होने से भारतीय टीम को बड़ा झटका लगा।
इसका फायदा नीदरलैंड्स ने उठाया और 56वें मिनट में थाइज वान डैम ने काउंटर-अटैक पर गोल कर स्कोर 3-1 कर दिया। इसके बाद भारत वापसी नहीं कर सका और मुकाबला नीदरलैंड्स के पक्ष में चला गया।
भारत की सेमीफाइनल उम्मीदों पर संकट
इस हार से भारत की सेमीफाइनल की राह बेहद मुश्किल हो गई है। नीदरलैंड्स ने इस जीत के साथ पूल E में अपनी स्थिति मजबूत कर ली है और सेमीफाइनल में जगह पक्की कर ली है। भारत को अब अपने अगले मुकाबले में अर्जेंटीना के खिलाफ हर हाल में बेहतर प्रदर्शन करना होगा। इसके साथ ही दूसरे मुकाबलों के नतीजे और गोल अंतर भी भारत के समीकरण को प्रभावित करेंगे।
भारत और अर्जेंटीना के बीच अगला मुकाबला 24 अगस्त को खेला जाएगा।



