चुनाव आयोग द्वारा शिव सेना (ShivSena ) का नाम और चुनाव चिन्ह एकनाथ शिंदे गुट को देने के बाद मंगलवार के एकनाथ शिंदे को पार्टी का प्रमुख चुन लिया गया। मुंबई (Mumbai) में हुई पार्टी कार्यकारिणी की बैठक में शिवसेना प्रमुख के तौर पर शिंदे के नाम का एलान किया गया। पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में विधायक, सांसद और शिवसेना के अन्य नेता शामिल हुए। सभी शिंदे के उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली पार्टी से अलग होने के बाद से उनके साथ काम कर रहे हैं।
महाराष्ट्र के उद्योग मंत्री उदय सामंत ने बताया कि आज हमने सीएम एकनाथ शिंदे के नेतृत्व में बैठक की। एकनाथ शिंदे हमारी शिवसेना पार्टी के प्रमुख होंगे। हम उन्हें शिवसेना के नेता के रूप में स्वीकार करते हैं।
इससे पहले दिन में उद्धव ठाकरे गुट को एक और बड़ा झटका लगा। संसद भवन में शिवसेना को आवंटित कार्यालय भी एकनाथ शिंदे गुट को मिल गया। लोकसभा सचिवालय ने एकनाथ शिंदे गुट को शिवसेना कार्यालय आवंटित करने का आदेश दिया। लोकसभा सचिवालय ने अपने आदेश में कहा है कि संसद भवन का कमरा नंबर 128 शिव सेना संसदीय पार्टी को बतौर कार्यालय आवंटित किया जाता है। इससे पहले 17 फरवरी को चुनाव आयोग ने शिवसेना का नाम और पार्टी का निशान उद्धव ठाकरे के गुट की जगह एकनाथ शिंदे के खेमे को सौंप दिया था।
वहीं, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की अगुवाई वाले शिवसेना धड़े की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक से पहले इस गुट ने मीडिया से उसे शिवसेना कहने को कहा। मीडिया घरानों को इससे जुड़ा एक पत्र भी जारी किया गया। पत्र पार्टी सचिव संजय भौराव मोरे ने जारी किया गया। पत्र में कहा गया कि निर्वाचन आयोग के आदेश के अनुसार शिंदे गुट कहने के बजाय उसे शिवसेना कहा जाना चाहिए।
सोशल मीडिया पर हमे फॉलो करे-