न्यूज डेस्क । आधी जनवरी निकल चुकी है लेकिन उत्तरी भारत से सर्दी कम होने का नाम ही नहीं ले रही है। मौसम वैज्ञानिकों की मानें तो आने वाले दिनों में और भी ठंड बढ़ सकती है। ऐसा इसलिए होगा क्योंकि 13 जनवरी के बाद से पश्चिमी विझोभ का असर कम होगा। इस कारण कड़ाके की ठंड का दूसरा दौर दोबारा शुरू हो सकता है।

जनवरी की शुरुआत से सर्दी का सितम झेल रहे दिल्लीवासियों को गुरुवार को धूप खिलने से राहत मिली, लेकिन शाम को हुई बूंदाबांदी से ठंड बढ़ गई। बुधवार देर रात दिल्ली के कई इलाकों में भी बारिश हुई थी। लेकिन दिन में धूप खिलने से ठंड का अहसास कुछ कम हुआ। अब 15 जनवरी से कोहरे और सर्दी का सितम बढ़ने की संभावना है। मौसम विभाग ने दिल्ली, हरियाणा व चंडीगढ़ में 12 जनवरी को हल्की बूंदाबांदी की भविष्यवाणी की थी। विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार गुरुवार शाम को दिल्ली के कई इलाकों में बूंदाबांदी हुई। इस कारण से रात होते-होते ठंड बढ़ गई। दिन भर धूप खिले रहने के कारण अधिकतम तापमान 21.6 डिग्री व न्यूनतम तापमान 9.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। बुधवार के मुकाबले में यह चार डिग्री अधिक रहा। विभाग ने शुक्रवार को भी अधिकतम तापमान 21 डिग्री व न्यूनतम तापमान 10 डिग्री रहने की संभावना जताई है।

13 से कम होगा पश्चिमी विझोभ का असर
विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के असर के कारण बुधवार रात से तापमान में बढ़ोतरी हुई। 13 जनवरी के बाद पश्चिमी विक्षोभ का असर कम होगा, इस कारण से तापमान में गिरावट होनी शुरू होगी। इसके बाद कड़ाके की ठंड का दूसरा दौर शुरू हो जाएगा। 


गुरुवार को हिमाचल प्रदेश, उतराखंड, दिल्ली, हरियाणा व चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक रहा। अगले 48 घंटों में न्यूनतम तापमान में विशेष परिवर्तन की संभावना नहीं है। इसके बाद उत्तर पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में न्यूनतम तापमान में तीन से पांच डिग्री तक की गिरावट होने की संभावना है।

यूपी-बिहार में ठंड की स्थिति बरकरार रहेगी
आईएमडी के मुताबिक, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 15 और 16 जनवरी को, पूर्वी उत्तर प्रदेश में 12 से 16 जनवरी और बिहार के कुछ हिस्सों में 14 जनवरी तक ठंड की स्थिति बरकरार रहेगी। मौजूदा पश्चिमी विक्षोभ के कारण तेज हवा चलने से पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कोहरे से लोगों को राहत मिलेगी, लेकिन पूर्वी उत्तर प्रदेश और बिहार में घने से बहुत घने कोहरे की परत छाई रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *